बेमेतरा-बेमेतरा जिले में शुक्रवार को रिश्तों की बुनियाद हिलाकर रख देने वाली दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। घरेलू विवाद, संदेह और रिश्तों की कड़वाहट ने दो नवविवाहित जोड़ों की जिंदगी को तबाह कर दिया। एक मामले में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद फांसी लगा ली, जबकि दूसरे मामले में झगड़े के बाद पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पहली घटना परपोड़ी थाना क्षेत्र के पथरी कला गांव की है। जानकारी के अनुसार शादी के महज सात महीने बाद एक युवक ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद युवक ने गांव से दूर जाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि शुक्रवार को ही वह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर लाया था। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। दूसरी घटना ग्राम देहरी की है, जो पथरी कला से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस झगड़े में पति आशीष बंजारे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सुखवंती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटनाओं की सूचना पर SDOP विनय साहू और देवकर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। दोनों ही मामलों ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि रिश्तों में बढ़ती कटुता, शक और संवाद की कमी किस तरह से जीवन को नष्ट कर रही है। पुलिस दोनों ही मामलों में सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
सौजन्य-रफ्तार न्यूज…
- रजत जयंती पर स्वास्थ्य विभाग ने किया विकृति बचाव शिविर… - October 16, 2025
- बरमकेला में नाई समाज संघ की नई कार्यकारिणी का गठन: दीपेश श्रीवास अध्यक्ष, गुलशन श्रीवास उपाध्यक्ष निर्वाचित… - October 11, 2025
- छत्तीसगढ़ विकसित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर-उप मुख्यमंत्री श्री साव… - October 11, 2025